छछरौली। सीएम फ्लाइंग टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर बुधवार शाम को बुड़िया स्थित चंडीगढ़ डिजिटल एक्सरे क्लीनिक पर छापा मारा। टीम में सीएम फ्लाइंग के अलावा के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डा. प्रवीण कुमार व डा. नितेश कुमार शामिल थे। टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। छापेमारी के दौरान क्लीनिक के संचालक कुलदीप कुमार के पास एक्सरे मशीन चलाने संबंधी कागजात नहीं मिले। जिस पर टीम ने मशीन को सील कर दिया। छापे के दौरान मिली दवाइयों को भी टीम ने कब्जे में ले लिया। वहीं, टीम ने क्लीनिक संचालक कुलदीप कुमार को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। टीम की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।