संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्योहारों के चलते इन दिनों ट्रेनों व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसे लेकर रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों को 24 घंटे चौकन्ना रहने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी है और लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जीआरपी और आरपीएफ ने शुक्रवार को भी चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को सुरक्षित सफर व सर्तक रहने के तरीके बताए गए। त्योहारों के चलते रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म से ट्रेनों तक जीआरपी और आरपीएफ गश्त कर रही है। अपराधियों व संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस कर्मी यात्री बनकर लोगों के बीच घूम रहे हैं।
इसके अलावा राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों को खूंखार व मोस्ट वांटेड अपराधियों की फोटो और हिस्ट्री भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि इस पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा यात्रियों को सुरक्षित व सुगम सफर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्टेशन पर आने वाले सभी लोगों व उनके सामान की जांच की जा रही है।
मेटल डिटेक्टर से सामान की जांच की जा रही है। वहीं, पार्किंग में खड़े वाहनों व आने वाले लोगों से सुरक्षा कर्मी पूछताछ कर रहे हैं।
थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के चाक-चौकस प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ दोनों विंग मिलकर काम कर रही हैं। दोनों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमों में एक हेड नियुक्त किया गया है और उनकी ड्यूटी सौंपी गई है। इस दौरान लोगों को साइबर अपराध सहित सुरक्षित सफर की एहतियातों के बारे में बताया जाएगा।
जीआरपी की जहरखुरान गिरोह पर विशेष नजर है। जहरखुरान गिरोह के सदस्य यात्री बनकर अपना शिकार ढूंढते हैं। वे स्टेशन पर लोगों से जान पहचान बनाकर उन्हें जहरीला पदार्थ दे देते हैं और फिर उन्हें लूट कर फरार हो जाते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि यह त्योहार का अवसर है और इस स्टेशन से हजारों प्रवासी अपने घर जाते हैं। त्योहार होने के कारण वे रुपये, उपहार सहित अन्य कीमती सामान लेकर जाते हैं।
ऐसे में इन दिनों जहरखुरान की वारदात बढ़ जाती हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रणनीति बनाई है और इसके अंतर्गत पुलिस कर्मी यात्री बनकर निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान एसआई बोधराज, एएसआई बलजीत, एएसआई राकेश, राजेंद्र, भीम, एएसआई दान सिंह आरपीएफ, हवलदार रजनी सहित अन्य जीआरपी व आरपीएफ के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।