संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दीनबंधु छोटूराम थर्मल पॉवर प्लांट के अंदर 6900 करोड़ रुपये से लगने वाली नई 800 मेगावाट की अल्ट्रा-सुपर क्रिटिकल यूनिट कैसी होगी इसकी ड्राइंग भी फाइनल हो चुकी है। जिस जगह इस यूनिट की स्थापना की जानी है वह जगह चिह्नित हो चुकी है। वहां पर लगे पेड़ों को काटा जाएगा।
पेड़ों की कटाई का ठेका देने की प्रक्रिया शुरू होगी। फरवरी माह में इसके निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। बता दें नई यूनिट लगाने के लिए 409.242 हेक्टेयर (1011.26 एकड़) भूमि का अधिग्रहण होगा। इस यूनिट को भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) द्वारा बनाया जाएगा। जिसका टेंडर काफी समय पहले हो चुका है।
कानपुर की आईआईटी कर रही सर्वे : प्रोजेक्ट से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, नई यूनिट को लेकर कानपुर आईआईटी की टीम अक्तूबर माह से ही यहां सर्वे कर रही है। जिसकी रिपोर्ट भी साथ-साथ तैयार की जा रही है। परियोजना के मुताबिक 2028 तक नया प्लांट बनकर तैयार होने के बाद बिजली उत्पादन भी शुरू हो जाएगा। प्लांट प्रदूषण मुक्त तो होगा साथ ही 17.49 लाख मीट्रिक टन ऐश (राख) का उत्पादन भी होगा, मौजूदा समय में 600 मेगावाट की यूनिट से 12.61 लाख मीट्रिक टन राख का उत्पादन हो रहा है।