यमुनानगर। बिजली वितरण में अनियमितताओं की शिकायत लेकर पहुंचे बसपा नेता बृजपाल छप्पर और क्षेत्र के किसानों ने एसई पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए एसई कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी करीब सात घंटे तक गेट पर डटे रहे। उनका कहना था कि जब तक एसई मौके पर आकर उनसे बातचीत नहीं करेंगे, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे और उन्हें कार्यालय से बाहर भी नहीं जाने देंगे।
शहर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। करीब साढ़े पांच बजे भाकियू जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर भी धरने पर पहुंचे। इसके बाद किसान एसई से बातचीत के लिए राजी हुए। बृजपाल छप्पर, श्यामपुर गोशाला के महंत शोभादास, राजेश कटारिया, राम कुमार गुर्जर और सरपंच जसबीर सिंह अहलावत ने बताया कि थाना छप्पर क्षेत्र में कई दिनों से बिजली कट लग रहे हैं।
उनका आरोप है कि पावर हाउस पर कामर्शियल कनेक्शनों की अधिकता के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। शिकायत लेकर पहुंचे तो एसई ने समस्या सुनने के बजाय अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय से बाहर जाने को कहा। एसई सोमबीर भलोटिया ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त होने के बावजूद प्राथमिकता के आधार पर समस्या सुनकर समाधान के निर्देश दिए गए हैं। समस्या का समाधान करवाया जाएगा।