प्रतापनगर। बुधवार को एसडीएम छछरौली में अनाज मंडी प्रताप नगर का मौका कर वहां के हालात का जायजा लिया। किसानों से बातचीत की गेहूं उठान को लेकर संबंधित विभाग को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान वह अचानक से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुहडपुर कला,राजकीय पशु औषधालय मलिकपुर खादर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुहड़पुर कला में कक्षा नौवीं, दसवीं और बारहवीं के बच्चों से सवाल जवाब किए और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने अध्यापकों से भी पढ़ाई के विषय पर चर्चा की और प्रत्येक अध्यापक से बच्चों को पढ़ाए गए विषय पर सवाल जवाब किए। इसके साथ ही किताबों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने राजकीय पशु औषधालय में पशुओं के लिए दवाइयां,हाजिरी रजिस्टर और व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम छछरौली रोहित कुमार ने प्रताप नगर अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के कार्यालय पहुंचकर गेहूं उठान को लेकर दिशा निर्देश दिए। यहां पर उन्होंने मंडी के सीजन में गेहूं की खरीद, पोर्टल और लोडिंग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। समय पर उठान का ध्यान रखें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों से भी बातचीत की। मौके पर उनके साथ मार्केट कमेटी सचिव ऋषिराज भी मौजूद रहे।