संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सरस्वती शिक्षण संस्थान में वीरवार से दो दिवसीय अंतर विद्यालय जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट शुरू हुआ। पहले दिन लड़कों की 19 टीमों के बीच फाइनल सहित 20 मुकाबले हुए। एसडी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की टीम ने जीत हासिल कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
सुबह से शाम तक तेज गर्मी के बीच खिलाड़ियों ने अपनी टीम की जीत के लिए खूब पसीना बहाया। शाम साढ़े छह बजे तक हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल साढौरा और एसडी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जगाधरी के बीच अंतिम मुकाबला खेला गया, जिसमें 23-19 स्कोर से एसडी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की टीम ने जीत हासिल की। शुक्रवार कोलड़कियों की टीमों के बीच मुकाबले होंगे।
टूर्नामेंट में हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल साढौरा की टीम दूसरे स्थान पर रही, वहीं तृतीय स्थान पर सरस्वती पब्लिक स्कूल जगाधरी की टीम रही। सरस्वती पब्लिक स्कूल जगाधरी की टीम ने न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल यमुनानगर की टीम ने 9-4 के स्कोर से हराया। न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल की टीम चौथे स्थान पर रही।
टूर्नामेंट का शुभारंभ पर नगर निगम यमुनानगर जगाधरी की महापौर सुमन बहमनी ने शिरकत की। इस दौरान सरस्वती शिक्षण समिति के अध्यक्ष माननीय मुकेश गर्ग, सचिव विनोद गुप्ता, कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, सहसचिव सुनील पंचदेव व प्रदीप मित्तल, राजेंद्र अग्रवाल, अभिमन्यु सैनी, सुनील छाबड़ा, नितिन गर्ग, वैभव आहूजा व दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य सुमित जिंदल, दीपक सिंगला, दोनों मुख्याध्यापिकाएं मोनिका बंसल व सुनैना मलिक उपस्थित रहे।