फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: कूड़ा उठान पर निगम के सफाई और एजेंसी कर्मचारियों में धक्कामुक्की

Sun, 30 Aug 2026 01:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
मुंडा माजरा रोड पर लगा कचरे का ढेर। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। हड़ताल के बीच शनिवार को कूड़ा उठान को लेकर निगम के सफाई कर्मचारियों और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों के बीच टकराव हो गया। ईस्ट भाटिया नगर में दोनों पक्ष के बीच काफी बहस के साथ धक्कामुक्की हुई। कूड़ा उठान में लगे कर्मचारियों ने गला पकड़ कर धमकाने का आरोप लगाया है। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
ईस्ट भाटिया नगर के अलावा खालसा कॉलेज रोड और वर्कशॉप रोड पर भी हड़ताली कर्मचारियों ने कूड़ा उठान का विरोध किया। विरोध कर रहे कर्मचारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरे कूड़े को सड़क पर ही डलवा दिया। इससे सड़कों पर कूड़ा फैल गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी स्थिति परेशानी वाली हो गई।
विज्ञापन

निगम कर्मचारी ईस्ट भाटिया नगर में कचरा उठाने पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलते ही हड़ताल कर रहे कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कूड़ा उठान का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।
स्थिति बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। शहर में सफाई कर्मचारी शनिवार को भी हड़ताल पर रहे। करीब 420 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल के बावजूद प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कर कूड़ा उठवाया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह, पालिका शाखा सचिव सुभाष और अग्निशमन जिला सचिव रिंकू कुमार ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगें मानने की बात कर रही है लेकिन समझौते के अनुसार अभी तक लिखित आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्मचारी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
विज्ञापन

कर्मचारियों की हड़ताल 24वें दिन भी जारी रही
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर पालिका और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 24वें दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारियों ने उल्टा झाड़ू लेकर शहर में रोष मार्च निकाला। रोष मार्च नगर निगम परिसर से शुरू होकर खालसा कॉलेज, आजाद नगर, शास्त्री कॉलोनी और प्यारा चौक से होते हुए वापस नगर निगम परिसर पहुंचा। इस दौरान कर्मचारियों ने लोगों को हैंडबिल वितरित कर अपनी मांगों और सरकार के रुख की जानकारी दी। प्रदर्शन में संजीत कुमार, संजय, रमन, अनीता, कांता, जीतो, ललित कुमार, तेजिंदर सिंह, विक्रम सिंह, विक्की वालिया और विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

मुंडा माजरा रोड पर लगा कचरे का ढेर। संवाद

मुंडा माजरा रोड पर लगा कचरे का ढेर। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें