साढौरा। कोटला मार्ग पर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के परिसर व कमरों में एक बार फिर से जलभराव होने की मजबूरी में शनिवार को भी अवकाश घोषित किया गया। प्रिंसिपल कमलजीत सैनी ने बताया कि जलभराव के कारण ही स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाया। शनिवार को नकटी नदी के उफान के कारण स्कूल परिसर और कमरों में जलभराव हो गया था। इसके कारण सोमवार, मंगलवार और बुधवार को अवकाश रहा। बुधवार को पानी की निकासी होने के बाद स्कूल के 10 कमरों की सफाई कर दी गई। उम्मीद थी कि शुक्रवार को कक्षाएं फिर से शुरु हो पाएंगी लेकिन वीरवार को हुई बरसात का पानी फिर से स्कूल परिसर और कमरों में भर गया है। प्रिंसिपल कमलजीत सैनी ने जल्दी ही पानी की निकासी करवाने की मांग की है।