संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। फिर भी यदि कोई सरकारी योजनाओं से वंचित रह गया है। उसे उसके द्वार पर योजना का लाभ देने के लिए मोदी सरकार उनके गांव व वार्ड में आ रही है। इसके लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद शुरू की गई है।
पूर्व मंत्री कांबोज शनिवार को नगर निगम के वार्ड नंबर 18 के जोड़ियो स्थित सरकारी स्कूल में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कांबोज ने सरकारी योजनाओं का मौके पर लाभ लेने के लिए लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से लाभ लेने वालों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी को भारत को विकसित बनाने के संकल्प की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम में मौके पर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने वाले लोगों को पीएम आवास योजना, स्वामित्व योजना, पीएम स्वनिधि योजना के प्रमाणपत्र वितरित किए। इसके अलावा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड वितरित किए।
जनसंवाद कार्यक्रम में सुभाष देवी, असजद, कैलाश देवी व सुभद्रादेवी की मौके पर ही पेंशन लगाई गई। आयुष्मान भारत योजना के तहत रितू कुमारी, राहुल, विजय, वर्षा, दिप्ती, रमेश कुमार, गुलशन, सुदेश रानी, संदीप व सुशील के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
इसके अलावा पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत राजरानी, बिमला, सुनीता, सहाना, सीता रानी के बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सात लोगों को पक्के मकान बनाने, पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन लेकर स्वरोजगार करने वाले तीन लाभार्थियों के प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।