संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रेडक्राॅस टारगेटिड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट की तरफ से रेडक्रास भवन सेक्टर-17 में एचआईवी/एड्स से संबंधित स्वास्थ्य शिविर एवं कम्युनिटी इवेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 50 से 60 महिलाओं एवं पुरुषों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिया गया। प्रथम स्थान पर सपना, दूसरे स्थान पर प्रिया व तीसरे स्थान पर जोया रहीं।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर कम रेडक्रॉस सचिव रणदीप सिंह ने बताया कि टारगेटिड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसायटी के सौजन्य से रेडक्राॅस द्वारा चलाया गया है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके माध्यम से जिला में एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
समय-समय पर हाई रिस्क ग्रुप से संबंधित महिला एवं पुरुषों के स्वास्थ्य की जांच के लिए चेकअप कैंप लगाए जा रहे हैं। हर व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा होना चाहिए, क्योंकि तभी वह ठीक प्रकार से दैनिक कार्य कर सकेगा। इसलिए अपने स्वास्थ्य की जांच करवानी बहुत जरूरी है। इस अवसर पर टीबी रोग के प्रति भी जागरूकता कैंप का आयोजन भी किया गया।
टीआई प्रोजेक्ट की मैनेजर सुनीता शर्मा ने बताया कि पिछले सात वर्षों से लगातार एड्स जागरूकता कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इनके माध्यम से नशे विरोधी कार्यक्रम भी किए जाते हैं। लेखाकार जसबीर सिंह ने बताया कि जिले में टीआई प्रोजेक्ट की गतिविधियां सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। मौके पर जिला प्रशिक्षण अधिकारी शशी भूषण, कार्यक्रम अधिकारी शीशपाल सिंह सोही, प्रोजेक्ट काउंसलर दीपशिखा, विभूति, प्रदीप कुमार, दीप्ति, विजय आदि उपस्थित रहे।