संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति रुझान उत्पन्न करवाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल की पहल पर शुरू करवाया गया था। अब सांसद खेल महोत्सव 2.0 के तहत पहली नवंबर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
खेल महोत्सव का पोस्टर जारी करते हुए भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा ने ने बताया कि कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, शूटिंग, एथलेटिक्स और रस्साकसी सहित 11 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। पहले चरण में एक से 20 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
दूसरे चरण में सात से 16 दिसंबर तक लोकसभा स्तर पर मुकाबले करवाए जाएंगे। 16 दिसंबर को खेल महोत्सव का समारोह के साथ समापन होगा। सभी प्रतियोगिताओं का डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग भी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे।
सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी खेलने का अवसर मिलेगा। जेल परिसर में कैदियों के लिए वॉलीबॉल मैच करवाने की योजना है। पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। खिलाड़ी ऑनलाइन, क्यूआर कोड या संबंधित विधानसभा के आयोजकों के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। इस दौरान अरुण राणा, सुरेश पंजेटा, रोहित शर्मा सरपंच, शुभम और रादौर हलका प्रभारी सोनी कुमार मौजूद रहे।
व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में नकद पुरस्कार
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विधानसभा स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 3,100 रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाले को 2,100 रुपये मिलेंगे। लोकसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः दस हजार, पांच हजार और 2,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि टीम स्पर्धाओं में विधानसभा स्तर पर विजेता टीम को 50 हजार और उपविजेता को 25 हजार रुपये मिलेंगे। लोकसभा स्तर पर विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 21 हजार रुपये दिए जाएंगे।