यमुनानगर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 की तैयारियों को लेकर नगर निगम यमुनानगर की ओर से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में वीरवार को वार्ड नंबर-10 स्थित ओपी जिंदल पार्क में सफाई मित्रों और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कर्मचारियों के लिए क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने सफाई मित्रों को घर-घर कचरा संग्रहण के समय गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। वे स्वच्छ शहर अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
प्रशिक्षण के दौरान सफाई कार्य में सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया गया। सफाई मित्रों को सेफ्टी जैकेट, दस्ताने, मास्क और गमबूट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सफाई मित्रों ने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए सीखी गई बातों को दैनिक कार्य में लागू करने का संकल्प लिया। इस मौके पर डोर-टू-डोर सुपरवाइजर पीयूष, अमन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।