संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दामला में चल रहे एनएसएस विशेष सात दिवसीय शिविर के दूसरे दिन का आयोजन उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के माहौल में किया गया।
प्रधानाचार्य ज्योत्सना जैन ने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का इतिहास वीरता और बलिदानों से भरा हुआ है। देश की आजादी और सुरक्षा के लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी है, जिनसे विद्यार्थियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। इसके बाद कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों खुशी, तमन्ना, सोनिया और संदीप ने भाषणों के माध्यम से वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें संदीप कुमार ने प्रथम तथा मोनिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने श्रमदान कर सेवा भावना का संदेश दिया। एनएसएस अधिकारी हरिराम ने अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।