संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जयंती आयोजन समिति की ओर से राजकीय संस्कृति स्कूल गोविंदपुरी में व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता समरसता गतिविधि के विभाग संयोजक सुरेंद्र कुमार ने संत रविदास ने आदर्श समाज की कल्पना की थी।
कार्यक्रम का उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन परिचय, धर्मपरायण जीवन और श्रम को प्रधान मानने वाले विचारों को जन-जन तक पहुंचाना था, ताकि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में भ्रातृत्व और समरसता का भाव सुदृढ़ हो सके। कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास जी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य वक्ता ने संत रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी सादा जीवन और उच्च विचारों में विश्वास रखते थे।
उन्होंने अपने जीवन में श्रम को विशेष महत्व दिया तथा ईमानदारी और मेहनत को प्राथमिकता दी संत रविदास जी किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नहीं आए और सदैव अपनी मेहनत की कमाई से जीवनयापन करते रहे। उन्होंने अपने सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था रखी। संत रविदास जी के ज्ञान और सादगी से प्रभावित होकर अनेक लोग उनके अनुयायी बने।
विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में राजीव कुमार, सुशील कुमार, संजीव कुमार, समरसता मंच की प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मीनू, महिला प्रमुख नीरू चौहान, जिला संयोजक प्रहलाद (कुटुंब प्रबोधन) तथा नगर संयोजक नीरज कालड़ा सहित अन्य उपस्थित रहे।