यमुनानगर। गांव नवाजपुर के होनहार धावक अनिल कुमार अब अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर अपनी रफ्तार का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। आगामी दो अगस्त को थाईलैंड में होने वाली 42 किलोमीटर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने जा रहे अनिल को प्लाईवुड एसोसिएशन जगाधरी-यमुनानगर ने एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर की मौजूदगी में अनिल को चेक सौंपते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। गुर्जर ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना समाज की साझा जिम्मेदारी है। अनिल को पहले भी विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया है और भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने प्लाईवुड एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं। प्लाईवुड एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी सतीश चौपाल और सतीश सैनी ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा संसाधनों के अभाव में नहीं रुकनी चाहिए। उनका विश्वास है कि अनिल थाईलैंड में पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
धावक अनिल कुमार ने आर्थिक सहयोग के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्लाईवुड एसोसिएशन का आभार जताते हुए कहा कि इससे प्रतियोगिता की तैयाररी और बेहतर ढंग से हो सकेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, कपिल, मनीष गर्ग, राहुल गढ़ी सहित अन्य उपस्थित रहे।