संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत आठ करोड़ 84 लाख 93 हजार रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है। इस राशि से स्कूलों में आवश्यक मरम्मत, रखरखाव, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
पीएम श्री विद्यालयों के लिए 98 लाख 64 हजार रुपये और अन्य राजकीय विद्यालयों के लिए सात करोड़ 86 लाख 29 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इस राशि का समयबद्ध और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उपयोग करवाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
जारी अनुदान राशि का उपयोग स्कूल ग्रांट, मेंटेनेंस ग्रांट, इको एवं स्पोर्ट्स गतिविधियों, इको क्लब, ट्विनिंग प्रोग्राम और रीडिंग प्रमोशन वीक सहित विभिन्न मदों में किया जाएगा। इसके अलावा एनएसक्यूएफ की फील्ड विजिट, एनएसक्यूएफ लेक्चरर और अन्य निर्धारित गतिविधियों के लिए भी बजट उपलब्ध करवाया गया है।
समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना अधिकारी केएस संधावा ने बताया कि अनुदान राशि के उपयोग की समीक्षा के लिए उन्होंने शनिवार को जगाधरी ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने तीन से चार क्लस्टरों के स्कूल मुखियाओं को एक स्थान पर बुलाकर बैठकें कीं। इसमें प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के मुखियाओं को राशि के उद्देश्य, खर्च करने की प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
स्कूल मुखियाओं से खर्च करने पर चर्चा
जिला परियोजना अधिकारी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी पहुंचे। यहां जगाधरी गर्ल्स, झंडा चौक, भाटली और महलांवाली क्लस्टर के स्कूल मुखियाओं के साथ बैठक की गई। उन्होंने सभी को निर्धारित नियमों के अनुसार ग्रांट का जल्द उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साबापुर में क्लस्टर बुढ़िया, मंडौली और साबापुर के करीब 30 विद्यालयों के मुखियाओं के साथ बैठक की गई। इसमें अनुदान के उपयोग और खर्च संबंधी पहलुओं पर चर्चा हुई। केएस संधावा ने बताया कि राशि के उपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।