यमुनानगर। माहेश्वरी गांव निवासी अमित कुमार ने उसी गांव के एक दंपती समेत तीन लोगों पर पोलैंड भेजने के नाम पर चार लाख 17 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अमित की शिकायत पर ताया के लड़के सुखविंद्र सिंह, उसकी पत्नी आरती व मारूपुर निवासी सतबीर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया। इन तीनों आरोपियों पर 14 दिसंबर को ही शहजादपुर निवासी राकेश व उनके गांव के साहिल ने भी बूड़िया थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। आरोपियों ने पोलैंड भेजने के नाम पर राकेश से चार लाख 60 हजार रुपये व साहिल से तीन लाख 80 हजार रुपये की ठगी की थी।
माहेश्वरी गांव निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार की तलाश में विदेश जाना चाहता था। उसके ताऊ का बेटा सुखविंद्र सिंह अरमेनिया गया हुआ था। नवंबर 2023 में उसकी सुखविंद्र से बात हुई तो उसने उसे बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है। वह उसे भी तीन साल के वर्क वीजा पर पोलैंड भेज देगा। जहां उसे एक लाख रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। सगे ताऊ का बेटा होने पर उसने सुखविंदर पर विश्वास कर लिया। 23 जनवरी को उसके सुखविंदर के कहने पर अपना पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज उसकी पत्नी आरती व साथी मारूपुर निवासी सतबीर को दे दिए। आरोपियों ने उसे कहा कि जल्द ही पोलैंड की कंपनी से उसका जॉब ऑफर लेटर व वर्क परमिट आ जाएंगे। जिसके बाद उसे पोलैंड भेज दिया जाएगा। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उससे चार लाख 17 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने जल्द ही उनका कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार कराने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसे एक जॉब ऑफर लेटर व वर्क परमिट दिखाया और उसे बताया कि इन्हीं के आधार पर उसका वीजा लगेगा। जब वह पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट बनवाने गया तो उसे पता चला कि उसका जॉब ऑफ लेटर व वर्क परमिट फर्जी है। यहां उसकी मुलाकात शहजादपुर निवासी राकेश कुमार व साहिल से भी हुई। आरोपियों ने उनसे भी पोलैंड भेजने के नाम पर आठ लाख 40 हजार रुपये लिए थे। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सदर जगाधरी पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पूर्व 14 दिसंबर को बूड़िया थाना पुलिस ने शहजादपुर निवासी राकेश व साहिल की शिकायत पर तीनों आरोपियों पर केस दर्ज किया था।