यमुनानगर। थाना साढौरा क्षेत्र के गांव असगरपुर के पास तीन युवकों ने चलती बस से महिला के सूटकेस में से पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 10 तोले सोने के जेवर व डेढ़ लाख रुपये की नकदी थी। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात तीन चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना जठलाना क्षेत्र के रतनगढ़ गांव निवासी परमजीत कौर ने पुलिस की दी तहरीर में बताया कि वह 21 नवंबर की दोपहर डेढ़ बजे बस से रिश्तेदार के घर जा रही थी। इस दौरान बस में कपड़ों से भरा सूटकेस रखा था। सूटकेस में रखे पर्स में डेढ़ लाख रुपये और 10 तोले के सोने के जेवर थे। बस में तीन युवक सूटकेस के पास आकर खड़े हो गए। इस बीच बस में भीड़ बढ़ी तो तीनों युवकों ने सूटकेस से पर्स चोरी कर लिया। इसके बाद बस रुकने पर तीनों युवक भाग गए। तीनों युवकों के जाने पर सूटकेस खोल कर देखा तो पर्स नहीं था। इसकी सूचना रोडवेज बस के परिचालक को दी। परिचालक ने बस सड़क किनारे रोक कर चोरों पता करने का प्रयास किया, मगर उनका पता नहीं चला। परमजीत कौर ने इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। जांच अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।