यमुनानगर। ऑनलाइन सूट का ऑर्डर करना युवती को महंगा पड़ गया। युवती जब सूट की ऑनलाइन पेमेंट करने लगी तो साइबर ठगों ने उसके अकाउंट से 1.18 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने युवती की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जगाधरी के थाना सेक्टर 17 निवासी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 29 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर डिजाइन मशीन सूट लाइव पेज पर एक लेडीज सूट का विज्ञापन देखा था। जिसका मूल्य 850 रुपये था। उसने सूट का आर्डर करने के लिए विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर ऑर्डर अपने व्हाट्सएप नंबर से दिया। जिसके बाद उसके पास मैसेज आया कि डिलीवरी का पता भेजे। इसके बाद उसने अपना डिलीवरी का पता भेज दिया। इसके बाद उसे क्यूआर कोड पर 850 रुपये पे करने के लिए कहा। जिसके बाद उसने भुगतान कर दिया। कुछ देर बाद फिर से मैसेज आया कि डिलीवरी चार्ज 100 रुपये भी उसी स्कैनर पर भेजो। 100 रुपये भेजने के बाद कहा गया कि इकट्ठे 950 रुपये भेजने थे जो कि हमारे सिस्टम में मिसमैच हो रहा है। उसने फिर से इकट्ठा 950 रुपये भेज दिया। इसके बाद उसके खाता से लगातार आठ ट्रांजेक्शन हुई और उसके खाते से एक लाख 18, 841 रुपये कट गए। जब उसने उस नंबर पर फोन करने की कोशिश की तो कोई जवाब नही मिला। उसको जब अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने 1930 नंबर पर फोन कर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।