यमुनानगर। 30 अगस्त से दो सितंबर तक बेंगलुरु में हुई 63वीं नेशनल ओपन एथलीट चैंपियनशिप में कांसापुर निवासी रोहित ने 2.11 मीटर हाई जंप लगाकर कांस्य पदक हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में जाने के लिए रोहित के पास रुपये भी नहीं थे। पिता के दुनिया में न होने पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने उसकी आर्थिक मदद की। इसके बाद उसने प्रतियोगिता में शिरकत की। जहां कड़े मुकाबलों में उसने 2.11 मीटर ऊंची कूद लगाकर कांस्य पदक जीतकर यमुनानगर का नाम चमकाया। अब उसका चयन साउथ एशियन गेम्स में हुआ है।
कांस्य पदक जीत कर कांच चंद्रपाल राणा के साथ लौटे रोहित ने बताया कि वह गरीब परिवार से है। कुछ साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था लेकिन उसके कोच ने हाई जंप में उसको अच्छा अभ्यास कराया। कुछ दिनों पहले उसे बेंगलुरु में 63वीं नेशनल ओपन एथलीट चैंपियनशिप के होने का पता चला तब उसके पास चैंपियनशिप में जाने के लिए पैसे नहीं थे। रोहित ने बताया की उसने फिजियोथेरेपी डॉक्टर विकास कुमार से बातचीत की तो उन्होंने दोस्तों के सहयोग से उसकी आर्थिक मदद की। इसके बाद वह कोच चंद्रपाल राणा, कोमल, रोहन, डॉ. हिमप्रीत, डॉ. शिल्पा आदि की मदद से चैंपियनशिप में पहुंचा। जहां उसने 2.11 मीटर ऊंची कूद लगाकर कांस्य पदक हासिल किया। इससे पहले वह तेजली खेल परिसर में कई माह से अभ्यास कर रहा है। रोहित ने बताया की उसका भी सपना है कि एक दिन वह भी अपने देश के लिए ओलंपिक में खेलकर स्वर्ण पदक हासिल करें और अपने जिले व देश कर नाम रोशन करें। लेकिन उसके इस सफर में उसकी आर्थिक स्थिति कांटा बनी हुई है।