जिले में बदमाश बेखौफ हो चुके हैं। आए दिन लूट और बैंक में घुसने की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। साढौरा के रोजा पीर दरगाह के पास शिवालिक गैस एजेंसी के कर्मचारी से तीन नकाबपोश बाइक सवार दिनदहाड़े कैश लूट फरार हो गए। वारदात के दौरान आरोपियों ने कर्मचारी को पकड़ा व धक्का देकर पैसों से भरा बैग बाइक पर लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस व एजेंसी के मालिक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।एक साल में दूसरी बार इस गैस एजेंसी के सेल्समैन से लूट हुई है।
शिवालिक गैस एजेंसी के कर्मचारी सोहनलाल ने बताया कि वो हर रोज की तरह गुरुवार को भी अपनी निर्धारित जगह पर सिलेंडर वितरण का काम कर रहा था। लगभग दोपहर 2.30 बजे के आसपास तीन नकाबपोश युवक आसपास घूमने लगे। उन्हें देखकर उसे कुछ शक हुआ वो सर्तक हो गया। कुछ देर बाद वो युवक चले गए और फिर थोड़ी देर बाद वहीं युवक वापस आकर बातों में लगाकर कैश छिनने का प्रयास किया। पीड़ित ने बताया कि एक युवक ने मुझे पकड़ा व दूसरा मेरा रुपए से भरा बैग छीन लिया, जिसमें 22,440 रुपए थे। नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। जिस प्रकार से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे स्पष्ट है कि पूरी योजना बनाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। लूट से पूर्व बदमाशों ने रेकी कर रखी थी। उन्हें पता था कि गैस एजेंसी से प्रतिदिन कितने कर्मचारी सिलैंडर वितरण में जाते हैं, आज जैसे ही दूसरा कर्मचारी बीमार होने के कारण नहीं आया तो आरोपियों ने इससे अच्छा मौका समझ कर वारदात को अंजाम दिया।