गांव कंडरौली व राझेडी के बीच चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दिनदहाड़े गैस एजेंसी के कर्मचारियों से 68 हजार रुपये की लूट कर ली, साथ ही बदमाश मोबाइल भी छीनकर कर फरार हो गए। बदमाशों ने लूट से पहले हवाई फायरिंग भी थी। लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी रादौर व थाना जठलाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ितों से घटना की जानकारी ली और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
प्रेम गैस सर्विस रादौर के मैनेजर हरीश गर्ग द्वारा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार की सुबह उसकी गैस एजेंसी के कर्मचारी रजत कुमार व सतीश कुमार निवासी धौलरा माजरी ट्रैक्टर-ट्राली से गैस के सिलिंडरों की सप्लाई करने चौगांवा गांव में गए थे। दोपहर के समय लगभग डेढ़ बजे जब वह सिलेंडरों की सप्लाई कर वापिस लौट रहे थे, तो गांव कंडरौली व राझेडी के बीच एक बाइक चार नकाबपोश बदमाशों ने ट्रैक्टर-ट्राली जबरन रूकवा ली। तीन बदमाश ट्रैक्टर पर चढ़ गए और गैस एजेंसी के कर्मचारी रजत कुमार से जबरन हजारों रुपये से भरा बैग व मोबाइल छीन लिया। इस दौरान दहशत जमाने के लिए एक बदमाश ने पिस्तौल से हवाई फॉयर किया। लूटपाट की घटना के बाद चारों बाइक से फरार हो गए।
गैस एजेंसी के मैनेजर हरीश गर्ग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात लोगों को पकड़ने को क्षेत्र में जगह जगह नाकेबंदी की। लेकिन देर शाम तक भी अज्ञात नकाबपोश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। उधर, पुलिस ने गैस एजेंसी के मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया। थाना जठलाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले में नामजद अज्ञात लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।
प्रेम गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों से चार अज्ञात बाइक सवार 68 हजार रुपये व मोबाइल पिस्तौल की नोंक पर लूट ले गए। लगभग 5 वर्ष पूर्व भी इसी प्रकार गैस सिलेंडरों की सप्लाई कर लोट रहें एजेंसी कर्मचारियों पर गोली चलाकर चार अज्ञात कार सवार लोगों ने लगभग 70 हजार रुपये व मोबाइल लूटे थे। अज्ञात नकाबपोशों ने उस समय कर्मचारी भूपेंद्र सिंह निवासी धौलरा के पेट में गोली मारकर हजारों रुपये की राशि लूट थी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में क्षेत्र के कुछ युवकों को बाद में मामले को लेकर गिरफ्तार किया था।