शराब के ठेके पर चार युवकों ने उधार शराब न देने पर सेल्समैन व उसके साथी से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनसे 5700 रुपये लूट लिए और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रादौर पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर एक युवक को नामजद करते हुए तीन अन्य पर ठेके में घुसकर मारपीट करने, लूटपाट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम तक चारों आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर थे।
राझेड़ी निवासी हुकुमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रादौर की ओडी कॉलोनी में नहर के पुल के पास स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन के तौर पर काम करता है। रविवार सुबह वह अपने साथी करनाल के गांव पंजोखरा निवासी राकेश कुमार के साथ ठेके पर बैठा हुआ था। सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक ठेके पर आये और उधार में शराब मांगने लगे। उन्होंने आरोपियों को उधार शराब देने से मना कर दिया। जिसके बाद चारों युवक जबरन शराब के ठेके के अंदर घुस गये और उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनसे 5700 रुपये की नगदी लूट ली। इसके बाद चारों युवक बाइकों पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। इनमें से एक युवक नाचरौन निवासी पिंटू को वह जानता है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना त्र्मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने हुकुमचंद की शिकायत पर आरोपी पिंटू को नामजद करते हुए तीन अन्य पर आईपीसी की धारा 323, 379बी, 452 व 506 के तहत ठेके के अंदर घुसकर मारपीट करने, लूटपाट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई दिलबाग सिंह का कहना है कि मामला दर्जकर लिया है। आरोपियों की तलाश कर रहे है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।