जगाधरी की ईशापुर कॉलोनी में तीन बदमाशों ने टूथब्रश लेने के बहाने दुकान में घुसकर दुकानदार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने इस दौरान उसके गल्ले से 15 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बा आरोपी वहां से फरार हो गए। दुकानदार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की राजेश कॉलोनी निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उसकी ईशापुर कॉलोनी में करियाना की दुकान है। शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे वह दुकान पर था। तभी दुकान के अंदर तीन युवक आए। उन्होंने उससे टुथब्रश मांगा। जब वह उन्हें टुथब्रश देने लगा तो एक युवक ने काउंटर पर रखा सामान जानबूझकर नीचे गिरा दिया। जब वह नीचे गिरा सामान उठाने लगा तो बदमाशों ने उसपर हमला कर दिया। बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने उसके गल्ले से करीब 15 हजार रुपये लूट लिए और वहां से फरार हो गए। उसने दुकान के बाहर आकर शोर मचाया और बदमाशों का पीछा किया। लेकिन आरोपी वहां से भागने में कामयाब रहे। उसने इसकी सूचना शहर जगाधरी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। शहर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कर रहे है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।