हुडा सेक्टर-17 में दो बाइक पर सवार युवकों ने बाजार से लौट रही महिला के कानों से सोने के झुमके झपट लिए। महिला सेक्टर में ही बाजार में खरीदारी करने गई थी। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
हुडा सेक्टर-17 निवासी सीता ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खरीदारी करने के लिए सेक्टर की मार्केट गई थी। रात साढ़े आठ बजे वह वहां से खरीदारी कर घर लौट रही थी। जब वह सेक्टर की सड़क पर पैदल घर की तरफ लौट रही थी तो पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर कुछ युवक आए। एक बाइक सवार उसकी दाई तरफ तो दूसरा बाइक सवार बाई तरफ से आया। उसके नजदीक आते ही आरोपियों ने उसे रोक लिया और उसके कानों पर झपटा मार कर सोने के झुमके छीन लिए और उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।