संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुख्य बाजार में सराफा कारोबारी अमित कुमार से लाखों रुपये की लूट के मामले में रविवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। फुटेज में तीनों बदमाश पूरी घटना को महज 20 सेकेंड में अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार अमित कुमार अपनी शाकंभरी ज्वेलर्स दुकान के बाहर खड़े हैं, जबकि कर्मचारी शटर बंद कर रहा है। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक दुकान के सामने रुकते हैं। पीछे बैठा बदमाश पिस्टल लेकर नीचे उतरता है और अमित के हाथ से नकदी व चाबियों से भरा बैग छीनने का प्रयास करता है। विरोध करने पर दूसरा बदमाश भी पिस्टल तान देता है। जब कारोबारी बैग नहीं छोड़ते तो एक आरोपी पिस्टल की बट से उनके माथे पर वार कर देता है। घायल होने के बाद बदमाश बैग छीनकर भाग जाते हैं। फुटेज में तीसरा आरोपी भी आसपास नजर रखते हुए दिखाई देता है, जो वारदात के बाद दोनों साथियों के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकलता है। बदमाश भागते समय दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी करते हुए निकले।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों के आने-जाने के मार्ग और उनकी पहचान के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है। एसपी कमलदीप गोयल में बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
वहीं लूट के विरोध में रविवार को दी यमुनानगर बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन ने थाना प्रभारी राजेश राणा को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला प्रधान सुनील कुमार वैद और ब्लॉक प्रधान पवन वर्मा ने कहा कि नकाबपोश तीन बाइक सवार बदमाशों ने अमित गुप्ता पर हमला कर उन्हें घायल किया और नकदी लूटकर भाग गए।
उन्होंने बाजार में दिन-रात पुलिस गश्त बढ़ाने व रावल चौक और पुराना कमेटी चौक पर बैरिकेड लगाने की मांग की। एसोसिएशन ने उपायुक्त को भी ज्ञापन देने की बात कही है।
शाकुंभरी ज्वैलर्स में पहले भी हो चुकी वारदात
रादौर स्थित शाकुंभरी ज्वैलर्स पहले भी बड़ी वारदात का शिकार हो चुकी है। वर्ष 2020 में बदमाशों ने दुकान की छत काटकर करीब 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस ने 2021 में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब एक बार फिर इसी दुकान संचालक से लूट की वारदात होने से व्यापारियों में रोष है।
वारदात से दो घंटे पहले बदमाशों ने की थी रेकी
शाकुंभरी ज्वैलर्स में लूट की वारदात से करीब दो घंटे पहले तीन संदिग्ध बदमाशों ने इलाके की रेकी की थी। उनकी गतिविधियां दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में बदमाश दुकान के आसपास घूमते और हालात का जायजा लेते दिखाई दे रहे हैं। अमित गुप्ता ने बताया कि 13 मार्च को भी दो संदिग्ध युवकों ने उनका पीछा किया था। उस समय उन्हें शक होने पर वह सतर्क हो गए, जिससे कोई वारदात नहीं हो सकी। अमित गुप्ता भाजपा रादौर मंडल के युवा कोषाध्यक्ष भी हैं।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी को ज्ञापन देते व्यापारी। स्वय