यमुनानगर। ग्राहक बनकर रेलवे स्टेशन यमुनानगर रोड पर स्थित यमुना ज्वेलर शोरूम में घुसे पांच बदमाशों ने पिस्टल के बल पर डकैती का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने शोरूम में तीन गोलियां भी चलाईं। जिसमें अंदर मौजूद ग्राहक और स्टाफ बाल-बाल बच गया। इस दौरान शोरूम संचालक जितेंद्र वर्मा ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया तो अन्य बदमाशों ने साथी को छुड़ाने के लिए संचालक के मुंह पर पिस्टल के बट से वार किया। इसके बाद आरोपी अपने साथी को छोड़कर वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो लोडेड पिस्टल भी बरामद की हैं। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है। त्योहारों के दौरान भीड़ भरे बाजार में गोली चलने की घटना से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। ये वारदात भी तब हुई जब प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल जिले में मौजूद थे। वह दो दिवसीय दौरे पर जिले में जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन रोड पर मुलतानी फास्ट फूड के सामने यमुना ज्वेलरी शोरूम है। शोरूम के संचालक और यमुनानगर ज्वेलर्स एसोसिएशन के उप प्रधान जितेंद्र वर्मा बुधवार को दुकान में अपने बेटे सौरव वर्मा और स्टाफ के साथ बैठे थे। दोपहर में दो बदमाश ग्राहक बनकर घुसे और स्टाफ से गहने दिखाने के लिए कहने लगे। इस दौरान उनके तीन अन्य साथी भी अंदर आ गए और उन्होंने जितेंद्र वर्मा व स्टाफ पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद एक बदमाश वहां रखे गहने बैग में डालने लगा तो जितेंद्र वर्मा भांप गए कि कोई गड़बड़ होने वाली है। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए पिस्तौल तानकर खड़े बदमाश को पकड़ लिया। इस पर बदमाश के साथियों ने पिस्तौल से शोरूम में तीन फायर किए और एक ने साथी को छुड़ाने के लिए आगे आया और पिस्तौल के बट से जितेंद्र वर्मा के मुंह पर वार किया, लेकिन जितेंद्र वर्मा ने बदमाश को छोड़ा नहीं। पकड़े जाने के डर से आरोपी साथी काे छोड़कर फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
दो संदिग्ध बाइक बरामद की
पुलिस ने शोरूम के बाहर खड़ी दो संदिग्ध बाइक भी बरामद की हैं। माना जा रहा है कि आरोपी इन्हीं बाइकों पर आए थे। एक बाइक पर यमुनानगर व दूसरी पर कुरुक्षेत्र की नंबर प्लेट लगी है। नंबर प्लेट असली हैं या फर्जी इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। कयास यह भी लगाया जा रहा है कि पांचों बदमाशों का एक या दो साथी शोरूम के बाहर भी खड़े हो सकते हैं।
दहशत में हैं दुकानदार
ज्वेलर्स एसोसिएशन यमुनानगर के प्रधान सुभाष गौरी व महासचिव गुलशन करवल का कहना है कि वारदात के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारी मौके पर गए थे। इस समय त्योहारों का समय होने के कारण बाजार में भीड़ हैं। ऐसे में बदमाशों द्वारा ज्वेलर शोरूम के अंदर डकैती का डालने का प्रयास करना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने ज्वेलरों को सुरक्षा प्रदान की जाने की मांग की है।
आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं: जगदीश चंद्र
थाना शहर यमुनानगर के एसएचओ जगदीश चंद्र का कहना है कि ज्वेलर शोरूम में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सबूत जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।