संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा सरकार व परिवहन विभाग द्वारा पहले से मानी गई मांगों को लागू न किए जाने के विरोध में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर कर्मचारियों ने सोमवार को एक दिवसीय भूख हड़ताल की। इसमें बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया।
यूनियन के प्रधान महिपाल सौदे व सचिव राजेश कांबोज ने कहा कि हरियाणा सरकार व परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन उन्हें लागू करने के बजाय सरकार ने कर्मचारियों से 200 रुपये वाशिंग अलाउंस काट लिया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा सरकार अपने वायदों से मुकर रही है। 22 मई को महानिदेशक के साथ हुई बातचीत में परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, चालक व परिचालकों को माह में 30 रात्रि ठहराव का भुगतान महाप्रबंधकों के स्तर पर देने, 2004 से पहले लगे चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का कर पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने, चालक-परिचालक-निरीक्षक व कर्मशाला कर्मचारियों को एक वर्ष में 33 अर्जित अवकाश देने पर सहमति बनी थी।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। भूख हड़ताल में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के गुलशन भारद्वाज, नगर निगम से महासचिव मांगे राम तिगरा, पब्लिक हेल्थ से सुरिंद्र, प्रेम प्रकाश, बिजली बोर्ड से सतीश जांगड़ा, सड़क व भवन विभाग से राजबीर, मेवा राम सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।