संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पांच दिन पहले 70 वर्षीय महिला ने जिस रोडवेज बस चालक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में दुष्कर्म के आरोपी टैगोर गार्डन निवासी काला को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया।
आरोपी का उपचार रोहतक पीजीआई में चल रहा है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या के प्रयास से पूर्व उसने अपने परिजनों को वीडियो भेजी, जिसमें कुछ लोगों पर परेशान और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना था कि उसे एक षडयंत्र के तहत फंसाया गया। ये पूरा गैंग है। लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है।
मामले को लेकर शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि टीम बयान लेने रोहतक गई है। बयान लेने के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी इस मामले से अवगत करवाया जाएगा। बयानों के आधार पर जो भी उचित कार्रवाई बनेगी वह की जाएगी।
यह कराया था महिला ने केस दर्ज
एक बुजुर्ग महिला ने रोडवेज बस चालक काला पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसको लेकर उसने शिकायत पुलिस को दी थी। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। एक कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय महिला ने शिकायत दी थी कि वह बस स्टैंड के पास ही साफ सफाई का काम करती है। तीन माह पहले वह बस स्टैंड से अपने घर जाने के लिए खड़ी थी। वहां पर हरियाणा रोडवेज बस चालक काला आया। उसने उसे कहा कि उसने टैगोर गार्डन में किराए पर कमरा लिया हुआ है और उसे वहां पर साफ सफाई करने वाली की जरूरत है। वह उसकी बातों में आ गई और उसके कमरे की साफ सफाई का काम करने लगी। 20 दिसंबर को जब वह कमरे पर गई तो उसने उसे पीने को पानी दिया। उसने पानी दिया तो उसे होश नहीं रही। जब उसे होश आई तो वह अर्ध नग्न हालत में भी। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह से वह वहां से गई। इस शिकायत पर पुलिस ने पांच दिन पहले आरोपी काला पर केस दर्ज किया था।