यमुनानगर। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत अब पात्र लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। रोडवेज में पहले चरण में पांच हजार हैप्पी कार्ड आए हैं। इनमें से 600 कार्ड पात्रों को वितरित किये जा चुके हैं। ये कार्ड यमुनानगर रोडवेज कार्यालय में दिए जा रहे हैं। ऐसे में इन कार्ड को पाने के लिए लोग काफी संख्या में पहुंच रहे हैं।
दरअसल जिन पात्र लोगों के पास मोबाइल पर मैसेज आ रहा है वे इन कार्ड को लेने के लिए पहुंच रहे हैं। पात्र लोगों को दिक्कत न आए विभाग की तरफ से लिस्ट भी लगाई गई ताकि पात्र व्यक्ति उसमें अपना नाम देख सके। इस योजना के तहत एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवार के सदस्य हर साल हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किमी. तक निशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। लाभार्थी परिवार के सदस्यों को मोबिलिटी स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिसे दिखाकर वह यात्रा कर सकते हैं। यह स्मार्ट कार्ड सीधे ई-टिकटिंग प्रणाली से कनेक्ट होंगे। हैप्पी योजना देश के किसी भी राज्य की ओर से शुरू की गई अपनी तरह की पहली अनोखी योजना है, जहां आधुनिक तकनीक का उपयोग करके समाज के गरीब वर्ग के लोगों को मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जाएगा। हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और ऑनलाइन है। इतना नहीं कार्ड के लिए आवेदक को 50 रुपये शुल्क के रूप में देने होंगे।
-
फोटो-18
आमजन को होगा लाभ
वहीं हैप्पी कार्ड को प्राप्त करने के लिए टोपरा कलां की जसविंद्र ने बताया कि विभाग की ओर से बनाए गए हैप्पी कार्ड का आमजन को बहुत लाभ होगा। इससे लोगों को यात्रा करना और भी आसान हो जाएगा। वह भी हैप्पी कार्ड को पाकर ज्यादा खुश है और सरकार की तरफ से हैप्पी कार्ड को बनाना आमजन के लिए सराहनीय कदम होगा।
वर्जन
हैप्पी कार्ड पात्र लोगों को दिए जा रहे हैं। इससे पात्र व्यक्तियों को काफी लाभ होगा। पांच हजार में से हमने 600 कार्ड वितरित कर दिए गए हैं। पात्र व्यक्तियों को दिक्कत न आए इसलिए सूची लगाई गई है।
-संजय रावल, महाप्रबंधक, रोडवेज यमुनानगर।