संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रयागराज में लग रहे महाकुंभ के लिए यमुनानगर डिपो की रोडवेज बस चलाने को लेकर तमाम औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए रूट व स्टॉपेज प्लान से लेकर किराया निर्धारित कर दिया गया है। साथ ही रूट पर बस चलाने की संभावित तिथियां तय हो गई हैं।
यमुनानगर से डिपो से पांच, छह व सात फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ के लिए चलाई जाएंगी। प्रति यात्री एक तरफ का किराया 1189 रुपये तय हुआ है। रूट परयमुनानगर से प्रयागराज के बीच रादौर, लाडवा, इंद्री, करनाल, पानीपत, दिल्ली, पलवल, मथुरा, आगरा, जसवंत नगर, सिकंदराबाद, अकबरपुर, कानपुर ठहराव स्थल होंगे।
प्रयागराज में महाकुंभ 26 फरवरी तक चलेगा। जिले से काफी संख्या में लोग महाकुंभ में जाकर लौट आए हैं, वहीं कई लोग महाकुंभ में जाना चाहते हैं। श्रद्धालुओं के लिए बड़ी दिक्कत परिवहन सुविधा को लेकर आ रही है। क्योंकि प्रयागराज के लिए यमुनानगर से कोई सीधी बस नहीं है।
इसके चलते महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी को अमर उजाला ने 18 जनवरी के अंक में प्रकाशित किया। इसके बाद रोडवेज अफसरों ने यमुनानगर डिपो से प्रयागराज के लिए बस चलाने की योजना बनाई, जो इसी सप्ताह सिरे चढ़ेगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
रोडवेज जीएम संजय रावल ने बताया कि इस सप्ताह यमुनानगर से प्रयागराज में लग रहे महाकुंभ के लिए बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। बस चलने की संभावित तिथियां पांच, छह व सात फरवरी हैं। जो श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ जाने के इच्छुक हैं, वे बस सेवा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9466403503 पर या बस स्टैंड के पूछताछ केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।