शहर के महाराणा प्रताप चौक पर रविवार दोपहर रोडवेज बस ने रेहड़ी पर सब्जी बेचने वाले 62 वर्षीय रामविलास को टक्कर मार दी। टक्कर लगने रेहड़ी चालक बस के नीचे फंस गया। वह कुछ दूर तक घसीटते हुए भी गया। होम गार्ड के जवान व अन्य लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बस के नीचे से निकाला। उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में ले जाया गया। जहां से परिजन उसे निजी अस्पताल में लेकर गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई आरंभ कर दी है।
विजय कॉलोनी निवासी मनोज ने बताया कि उसके पिता रामविलास उनके पास ही रहते थे। वह गलियों में घूम कर रेहड़ी पर सब्जी बेचते हैं। हर रोज की तरह वह रविवार को भी रेहड़ी लेकर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वह सब्जी मंडी से महाराणा प्रताप चौक की तरफ गए तो यमुनानगर बस स्टैंड से रादौर की तरफ से जा रही रोडवेज की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वह बस के नीचे फंस गए थे। लोगों ने उन्हें मुश्किल से बस के नीचे से निकाला। लोगों ने इस बारे में उन्हें फोन पर सूचना दी। वह भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गया और उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर में लेकर गया। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं बस में सवार यात्रियों को घटना के बाद अन्य बस में बिठाया गया। बस को पुलिस ने वहीं रोक लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।