संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छछरौली में मांडखेड़ी रोड पर जिला नगर योजनाकार की टीम ने चार एकड़ में बनी अवैध कॉलोनी को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस कॉलोनी में मिट्टी डाल कर सड़कों का निर्माण किया जा रहा था। डीटीपी राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की कार्रवाई आरंभ की।
इस दौरान छछरौली तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। एनफोर्समेंट थाना के एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। डीटीपी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि छछरौली में मांडखेड़ी रोड पर चार एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। जिसमें मिट्टी डाल कर सड़कें बनाई जा रही हैं।
इसका पता चलने पर उन्होंने नोटिस जारी किया। जिसमें कॉलोनी से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा। परंतु उनके पास कोई दस्तावेज नहीं था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस कॉलोनी में कोई गतिविधि की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह अवैध कॉलोनी में किसी तरह का निवेश न करें। मौके पर जेई राहुल, फील्ड इंस्पेक्टर अनिल कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।