संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विकास कार्य अटकने से सेक्टर-17 के हाल बिगड़ रहे हैं। इसकी वजह यहां के लोग दो साल से वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव न होने और चार माह से पार्षद का कार्यकाल भी खत्म होना मान रहे हैं। आरोप है कि इसी कारण सेक्टर-17 में नगर निगम और एसोसिएशन से जुड़े काम बाधित हो रहे हैं।
मामले में निवर्तमान पार्षद से लेकर निवासी लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद सेक्टर-17 की वेलफेयर एसोसिएशन नगर निगम के चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं, जिससे सेक्टर के अटके कामों को सिरे चढ़ाया जा सकें। ज्ञात हो कि दो साल से सेक्टर-17 की वेलफेयर एसोसिएशन के दो वर्ष के कार्यकाल के लिए पिछले चुनाव वर्ष 2019 में हुए।
इसके बाद चार वर्ष से अधिक का समय हो गया है, नई कार्यकारिणी के चुनाव नहीं हो पाए हैं। साथ ही गत जनवरी से वार्ड के निगम पार्षद का कार्यकाल भी खत्म है। इस कारण निवासी एसोसिएशन व निगम से जुड़े सेक्टर के काम न होने या उनकी सुनवाई न होने के आरोप लगा रहे हैं।
निवर्तमान पार्षद रामआसरा भारद्वाज ने कहा कि सेक्टर-17 में चारों ओर सड़क, निकासी, सफाई, लाइट जैसी व्यवस्था बिगड़ रही है। क्योंकि दो साल से वेलफेयर एसोसिएशन व पांच माह से नगर निगम चुनाव नहीं हुए। इस कारण नगर निगम व एसोसिएशन से जुड़े कार्य बाधित हैं। इसका खामियाजा सेक्टरवासी भुगत रहे हैं। इसलिए मांग है कि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद एसोसिएशन व निगम चुनाव कराए जाएं।
केवल कृष्ण सैनी ने कहा कि एसोसिएशन के चुनाव समय से कराए जाने जरूरी हैं। क्योंकि एसोसिएशन पर सेक्टर की सुरक्षा, सफाई जैसे कार्यों का जिम्मा है। ऐसे ही नगर निगम पर अन्य कार्यों की जिम्मेदारी हैं। यह काम एसोसिएशन व निगम चुनाव में देरी से प्रभावित हो रहे हैं। हालात ये हैं कि सेक्टर में ज्यादातर सड़कें टूटी हैं। स्ट्रीट लाइटें खराब और जल निकासी ठप है। सेक्टर के लोग दिक्कतों से दो-चार हो रहे हैं।
सेक्टर की जो समस्या हैं, उनके समाधान के प्रयास होंगे। मामले में जो भी कार्रवाई बनेगी, वह नियमानुसार अमल में लाई जाएगी।- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।