सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर गांव जुब्बल के नजदीक सोमवार शाम रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पांच साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता व चार साल का छोटा भाई घायल हो गए। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद वारिसों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव कुंजल काम्बोयान निवासी सुभाष अपनी पत्नी, बेटे ईशांत (04) व बेटी गायत्री (05) के साथ इंद्री के नजदीक अपनी ससुराल में गया था। सोमवार दोपहर बाद वे वहां से बाइक पर घर लौट रहे थे। जब सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर जब उनकी बाइक गांव जुब्बल के नजदीक स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंची तो पीछे से तेज गति से आ रही एक रोडवेज बस में उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह चारों नीचे सड़क पर गिर गए। इसमें गायत्री, उसका पिता व छोटा भाई घायल हो गए। जबकि उसकी मां को हल्की चोटें लगी। बस चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से गायत्री को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया। परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल ईशांत व पिता सुभाष का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद वारिसों के हवाले कर दिया।
हाईवे की चौड़ाई कम होने से हो रहे हादसे :
कुरुक्षेत्र सहारनपुर स्टेट हाईवे की चौड़ाई बढ़ाने के प्रोजेक्ट अभी तक फाइलों में ही है। हाईवे की चौड़ाई कम होने के चलते इसपर हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। रोजाना कहीं न कहीं हादसे होते रहते है। बीते माह भी हाईवे पर औरंगाबाद के नजदीक हुए हादसे में दंपति की मौत हो गई थी।
वर्जन ::::::
बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। मामले में रोडवेज के बस चालक के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। चालक अभी अज्ञात है। रोडवेज बस के नंबर के आधार पर उसकी तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विरेंद्र राणा, एसएचओ, थाना रादौर।