संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के बीच पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने कन्हैया साहिब चौक पर नगर निगम की ओर से 12.87 लाख रुपये की लागत से आरएमसी (रेडी मिक्स कंकरीट) रोड तैयार किया जाएगा। इसके लिए निगम अफसरों ने टेंडर लगा दिया है। तीन माह 25 दिन में यह कार्य पूरा करना होगा।
इसके अलावा औरंगाबाद गांव में 29.87 लाख रुपये की लागत से फिरनी के निर्माण के लिए भी निगम अफसरों ने ई टेंडर लगाया है। साथ ही शहर में होने वाले लाखों रुपये के कामों के ई-टेंडर रिकॉल भी किए हैं। कन्हैया साहिब चौक के आसपास रोड नगर निगम की ओर से स्टॉर्म ड्रेन दबाए जाने के बाद से कई जगह धंस व बैठ गया है। इससे आने-जाने वाले वाहन चालकों का यहां हिचकोले भरा सफर जारी है।
यह हादसे की भी वजह बन सकती है। इसी को ध्यान में रख नगर निगम की ओर से यहां आरएमसी रोड निर्माण का फैसला लिया गया है। इसके अलावा नगर निगम अफसरों ने चार माह 25 दिन की समयावधि में औरंगाबाद गांव में 29.87 लाख रुपये की लागत का ई टेंडर लगा दिया है।
वार्ड-12 के बाड़ी माजरा में नगर निगम की भूमि पर आठ माह की समयावधि में 43.56 लाख रुपये की लागत से चाहरदीवारी के निर्माण, वार्ड-8 के प्रेमनगर में कृष्णा टी स्टॉल से मकान नंबर-809 तक 26.61 लाख रुपये की लागत से आठ माह दस दिन की समयावधि में दोनों ओर आरसीसी नाले सहित गली का निर्माण, वार्ड-10 में ओपी जिंदल पार्क के पास कबाड़ की दुकान से गुजराल टिम्बर तक 29.91 लाख रुपये की लागत से छह माह 20 दिन की समयावधि में आरसीसी बॉक्स टाइम ड्रेन का निर्माण होगा।
इसी तरह वार्ड-18 की नई नियमित पृथ्वी नगर-बी कॉलोनी में 71.42 लाख रुपये की लागत से दस माह की समयावधि में स्टॉर्म ड्रेन व सीसी पेवर रोड का निर्माण व वार्ड-1 से 22 में 42.36 लाख रुपये की लागत से दस माह की समयावधि में विभिन्न कॉलोनी के नाम के साइन बोर्ड लगाने जैसे कामों के ई-टेंडर रिकॉल किए हैं। चूंकि पिछली बार लगे टेंडर में निर्धारित बिड नहीं हो पाई।
शहर की जरूरत को ध्यान में रख नियमानुसार ई-टेंडर के जरिए कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत संबंधित शाखा के अफसरों को समय रहते कार्य शुरू व पूरे करने के निर्देश दिए हुए हैं।- आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।