छछरौली। मांगों को लेकर राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम छछरौली को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान चावल मिल मालिकों ने प्राकृतिक आपदा के कारण हो रहे नुकसान के चलते नियमों में बदलाव करने मांग की है। पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए प्रधान गौरव गोयल ने कहा कि इस बार प्राकृतिक आपदा बेमौसमी बरसात के कारण चावल अधिक टूटने व चावल के रंग में बहुत अंतर आ रहा है। इसके साथ ही धान से हर वर्ष चावल की जो मात्रा निकलती थी, इस बार आपदा के कारण चावल भी कम निकल रहा है।
धान गीला होने के कारण डैमेज व डिसकलर मात्रा बढ़ाकर साढ़े चार प्रतिशत की जाए, ताकि सरकार को चावल का भुगतान सही समय पर किया जाए। इसके साथ अधिक बरसात होने के कारण चावल में ब्रोकन की मात्रा बढ़ गई है। इसलिए ब्रोकन की मात्रा 35 प्रतिशत की जाए। इस वर्ष ज्यादा बरसात में नमी के कारण चावल की यील्ड घटकर 60 से 62 प्रतिशत रह गई है। इसे 62 प्रतिशत किया जाए। प्रधान ने कहा कि राइस मिलर को भी राहत मिलनी चाहिए। इस दौरान सचिन, गौरव शर्मा, जसविंद्र सिंह, सुरेंद्र गर्ग, अंकुर, संजीव आदि मौजूद रहे।