(यमुनानगर)प्रताप नगर। भंगेड़ी गांव के खेतों में लगी आग की चिंगारी पास में स्थित राइस मिल में पहुंचने से सरकारी अनाज की 40 बोरियां जल गई। साथ ही इन बोरियों पर ढका तिरपाल भी जल गया। खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने इसकी शिकायत प्रताप नगर पुलिस को दी। प्रताप नगर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक रंजन यादव ने बताया कि वह दोपहर के समय भंगेड़ी गांव के रास्ते पर स्थित सरस्वती राइस मिल में थे। उसी समय कुछ अज्ञात व्यक्ति पड़ोस के खेत में खड़े गेहूं के फाने जला रहे थे। इससे आग तेज गति से फैलते हुए सरस्वती राइस मिल तक पहुंच गई और सरकारी अनाज पर ढकी तिरपाल में आग लग गई। इससे ढेरी में लगी लगभग 40 बोरियां अनाज की जल गई। उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 100 पर फोन कर सूचित किया और मोटर चलाकर पानी के पाइप से आग पर मजदूरों की मदद से काबू पाया। मौके पर पहुंची प्रताप नगर पुलिस ने शिकायत लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
20 एकड़ एरिया में खड़ी छोटी वनस्पति जली
प्रतापनगर। हाइडिल कालोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास रविवार को अज्ञात कारणों से आग लगने के कारण लगभग 20 एकड़ एरिया में खड़ी छोटी वनस्पति जल गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया गया। दोपहर के समय अचानक हाइडल कालोनी में स्थित क्रिकेट मैदान के पास कुटीपर गांव की तरफ आग लग गई। कुटीपुर गांव की तरफ बढ़ रही आग पर ग्रामीणों ने काबू पाया । मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लगभग 20 एकड़ एरिया में खड़ी छोटी वनस्पति और घास फूस जलकर राख हो चुके थे।