संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। गर्मी की छुट्टियों में अभी एक महीने का समय शेष है। लेकिन लोगों ने छुट्टियों में घूमने की योजना लोगों ने अभी बना ली है। वहीं लोगों की योजना में ट्रेन की सीट रोड़ा बन रही है। इन दिनों लोगों को ट्रेनों में कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है। छुट्टियों के कारण ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है।
लोगों को लंबी वेटिंग मिल रही है। छुट्टियों के कारण ट्रेनों में सीटों की मांग दो गुना बढ़ गई है। लगभग हर ट्रेन में लंबी वेटिंग चल रही है। विशेषकर पहाड़ी व पर्यटन स्थल वाले शहरों को जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मारामारी अधिक है। वेटिंग 100 के पार चल रही है, अब लोग सोच रहे हैं, यदि वेटिंग बनवाते हैं और सीट कंफर्म न हुई तो भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इन दिनों जम्मूतवी, उधमपुर, श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली गाड़ियों में सीटों की भारी मांग है। इसके अलावा राजस्थान की ओर से जाने वाली ट्रेनों में भी टिकटों की मांग बढ़ गई है। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर इत्यादि स्थानों के लिए भी ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है।
जम्मू जाने वाली आधा दर्जन गाड़ियों में भी लोगों को सीट नहीं मिल रही है। कुछ गाड़ियों में जून महीने के बीच के दिनों में कोई सीट नहीं है। ऋषिकेश से चलकर श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली हेमकुंड एक्सप्रेस में एक से 30 जून तक कोई सीट नहीं है, सिर्फ वेटिंग मिल रही है और हर दिन के साथ वेटिंग लिस्ट भी बढ़ती जा रही है। इसके अलावा बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली एक्सप्रेस में भी वेटिंग 100 पहुंच गई है।
वहीं बाड़मेर व जैसलमेर के लिए इस ट्रेन में वेटिंग अभी से 200 तक पहुंच चुकी है। हावड़ा से चलकर जम्मूतवी जाने वाली हिमगिरी एक्सप्रेस में कंफर्म सीट नहीं है। गोरखपुर से जम्मूतवी जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस भी वेटिंग चल रही है। योगनगरी ऋषिकेश से जम्मूतवी एक्सप्रेस में भी वेटिंग बन रही है। मध्यप्रदेश, मुंबई, गोवा, गुवाहटी, असम इत्यादि राज्यों की तरफ जाने वाली ट्रेनों में भी कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है।
वर्जन
गर्मियों में स्कूल, कॉलेजों सहित कई विभागों की छुट्टियां होती है। इस दौरान लोग घूमने जाते हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। मांग के अनुरूप ट्रेनों का संचालन किया जाता है। -यशनजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक।