यमुनानगर। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा की ओर से शुक्रवार को कर्मचारियों के लंबित देय भत्तों, ओवरटाइम, रात्रि ठहराव भत्ता और एलटीसी के भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरकार के खिलाफ रोष जताया गया। कर्मचारियों ने कहा कि बार-बार मांग पत्र देने और अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
मोर्चा पदाधिकारियों राजिंद्र कांबोज, संजीव सैनी, रघुबीर पंजाबी, रमेश मलिक, प्रदीप शर्मा ने कहा कि समय पर भुगतान न होने से कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे हरियाणा में विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन देने का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 25 जुलाई 2026 को अंबाला छावनी स्थित परिवहन मंत्री के आवास पर न्याय मार्च निकाला जाएगा।