यमुनानगर। उत्थान संस्थान की इकाई चाइल्डलाइन टीम और यमुनानगर पुलिस टीम द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत बढ़ रही बाल भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान कुछ बच्चे मिले जोकि अपनी मां के साथ भीख मांग रहे थे। उन बच्चों की मां से बात की गई उन्हें समझाया गया की इस तरह बच्चों को साथ में लेकर भीख मांगना गलत है इससे इन बच्चों का भविष्य खराब होगा। एएसआई सुषमा ने कहा की पुलिस टीम और चाइल्डलाइन टीम द्वारा समय-समय पर अभियान जारी रहेगा। ताकि बढ़ रही बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
वहीं चाइल्डलाइन की डायरेक्टर डॉ. अंजू वाजपेयी ने अपील करते हुए कहा कि जब तक हम लोग इन्हें भीख देना बंद नही करेंगे तब तक ये समस्या इसी तरह से बनी रहेगी। यदि इन बच्चों की मदद करनी ही है तो इन्हें शिक्षा से जोड़कर इनकी मदद करें क्योंकि पैसा देकर इनके मन मे लालच जाग जाता है और ये फिर उसी राह पर चल पढ़ते है। बाल भिक्षावृत्ति को रोकने में हर नागरिक को आगे आना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को कोई बच्चा भीख मांगता हुआ या बाल मजदूरी करता हुआ दिखाई दे तो तुरंत इसकी जानकारी 1098 पर किसी भी समय दे सकते है। इस मौके पर चाइल्ड लाइन टीम से कोऑर्डिनेटर स्वाति, काउंसलर शशि वासन, एएसआई लाभ सिंह, सुषमा, हेड कांस्टेबल शिमला, गुरत्याल, कृष्ण, मोहित व रोहित मौजूद रहे।