संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक युवती ने शादी का झांसा देकर छौली निवासी हैप्पी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने उससे विदेश ले जाने के नाम पर लगभग पांच लाख रुपये भी ले लिए। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और रुपये भी वापस नहीं दिए। महिला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी हैप्पी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला थाना पुलिस को शिकायत दी में 25 वर्षीय युवती ने बताया कि उसने 12वीं के बाद आईटीआई की है। वह परिवार का हाथ बंटाने के लिए निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। आईटीआई में पढ़ाई के दौरान साल 2022 में उसकी मुलाकात छौली गांव निवासी हैप्पी से हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। इस दौरान आरोपी ने उससे वादा किया कि वह उसके साथ शादी करेगा।
इस दौरान कई बार उसके साथ संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने उससे विदेश जाने के लिए रुपये मांगे। आरोपी की बातों में आकर उसे मां के जेवरात और लगभग पांच लाख रुपये भी दिए। इस तरह से काफी दिन बीत गए। जब भी आरोपी से शादी की बात कहती तो वह टाल मटोल करने लगता था।
शादी न करने पर जब उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जातिसूचक शब्द भी कहे। परेशान होकर उसने पुलिस को शिकायत दी। महिला थाना पुलिस ने अब आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।