एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती के परिजन जब पंचायत लेकर युवक के घर गए तो युवक के पिता तथा एक अन्य व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय युवती ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि चौधरी कॉलोनी निवासी विशाल वर्मा कमेटी डालने का काम करता है। कुछ दिन पहले वह विशाल वर्मा के पास कमेटी डालने के लिए गई। जहां से उसकी विशाल के साथ जान पहचान हो गई। इस दौरान आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया तथा उसे शादी करने आश्वासन दिया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि आरोपी विशाल वर्मा ने किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली है। जब इस बारे उसने विशाल से बात की तो उसने उसे शादी करने से मना कर दिया। पीड़िता ने बताया कि जब उसके परिवार के सदस्य विशाल वर्मा के घर पंचायत लेकर गए तो आरोपी युवक के पिता तथा चंडीगढ़ निवासी अमित ने उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक विशाल वर्मा उसके पिता प्रवीण वर्मा तथा अमित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।