संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान कर चुके राजीव गार्डन (बैंक कॉलोनी) के लोगों को समझाने सोमवार शाम नगर निगम से डीएमसी विजयपाल यादव टीम सहित पहुंचे। इस दौरान कॉलोनी निवासियों की मांग पर सुनवाई की। इसमें पक्की गलियों व नालियों की मांग पर डीएमसी ने विश्वास दिलाया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएंगे, पर कॉलोनी के लोग नहीं माने।
डीएमसी से कॉलोनी के लोगों ने चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद पक्की गलियों-नालियों के निर्माण कराने का लिखित आश्वासन मांगा। लेकिन नगर निगम अफसर लिखित आश्वासन नहीं दे पाए, तब कॉलोनी के लोगों ने अपने ऐलान मुताबिक विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की बात दोहराई।
नौ सितंबर को निवासियों ने विधानसभा चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया था। इसका बैनर भी कॉलोनी के प्रवेश पर लगाया गया था। इसके तीन दिन बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, तब कॉलोनी के लोगों ने सोमवार तक का अल्टीमेटम देकर आंदोलन की चेतावनी दी।
इस पर सोमवार शाम नगर निगम की ओर से डीएमसी विजयपाल यादव व अन्य अफसर कॉलोनी पहुंचे। लेकिन कॉलोनी के राजेंद्र सिंह रावत, पुरुषोत्तम शर्मा, राजकुमार राणा, मेघराज शर्मा ने बताया कि निवासी अफसरों की ओर से दिए मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं।
अफसरों से मौके पर ही लिखित आश्वासन मांगा गया कि विधानसभा चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद कॉलोनी में पक्की गलियों व नालियाें का निर्माण कराया जाएगा, पर अफसर लिखित में आश्वासन नहीं दे पाए। इसलिए कॉलोनी के लोगों ने ऐलान मुताबिक विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला लिया है।
उन्होंने बताया कि कॉलोनी दो दशक से बसी है। अभी करीब तीन हजार की आबादी है, जिसे पक्की गलियां व नालियां नसीब नहीं हो पाई हैं। यहां करीब दो हजार वोटर हैं, जो इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान न करने का मन बना चुके हैं। बाकायदा इसका बैनर कॉलोनी के प्रवेश पर लगा दिया है। कॉलोनी की मुख्य व लिंक गलियां कच्ची है।
मिट्टी की गलियां में बारिश के बाद जलभराव व कीचड़ हो जाता है। इससे आने-जाने में परेशानी के साथ गलियों में भरे पानी में मच्छर भी पनप रहे हैं। इससे कॉलोनी में मच्छर जनित रोग भी बढ़ रहे हैं। कई लोग संदिग्ध बुखार से पीड़ित हैं। पक्की गलियों व नालियों की मांग जनप्रतिनिधियों व अफसरों से कर चुके हैं, पर कोई इसे गंभीरता से नहीं ले रहा।