संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कराटे में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर खिलाड़ी रजत बक्शी ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रजत अब तक कराटे की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 14 पदक जीत चुके हैं। वह आठ वर्ष से कराटे का अभ्यास कर रहे हैं। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है।
शहर की विशाल नगर कॉलोनी निवासी रजत ने 11 वर्ष की उम्र में कराटे खेलना शुरू किया था। उन्होंने बामणिया कराटे अकादमी में कोच विकास बामणिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। 12 वर्ष की उम्र में उन्होंने पहला स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर दी थी। इसके बाद उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक 14 पदक अपने नाम किए।
रजत वर्तमान में सेठ जयप्रकाश पॉलीटेक्निक संस्थान के विद्यार्थी हैं। वह विश्वविद्यालय स्तर पर भी कराटे में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि खेल में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह नियमित रूप से कड़ा अभ्यास करते हैं और फिटनेस पर भी विशेष ध्यान देते हैं।
रजत ने बताया कि कराटे के सफर में उन्हें खेल विभाग की ओर से आर्थिक सहायता नहीं मिली। प्रशिक्षण, खेल सामग्री, खुराक और अन्य जरूरतों का खर्च वह अपने स्तर पर ही पूरा कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिले में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें आर्थिक सहयोग और बेहतर सुविधाएं मिलने पर वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
खिलाड़ी की प्रमुख उपलब्धियां
सातवीं यमुनानगर जिला कराटे चैंपियनशिप 2019 में रजत पदक। अंबाला जोन कराटे चैंपियनशिप 2019 में कांस्य पदक अंतरविद्यालय कराटे चैंपियनशिप 2019 में स्वर्ण पदक। जगाधरी में ओपन जिला कराटे चैंपियनशिप 2019 में स्वर्ण पदक। 18वीं सब-जूनियर हरियाणा राज्य कराटे चैंपियनशिप 2019-20 में स्वर्ण पदक। यमुनानगर जिला कराटे चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक। कुरुक्षेत्र में हरियाणा राज्य कराटे चैंपियनशिप अगस्त 2023 में रजत पदक। 11वीं यमुनानगर जिला कराटे चैंपियनशिप 2023-24 में स्वर्ण पदक। 22वीं हरियाणा राज्य कराटे चैंपियनशिप 2023-24 काता स्पर्धा में कांस्य पदक। 22वीं हरियाणा राज्य कराटे चैंपियनशिप 2023-24 कुमिते में कांस्य पदक। लाडवा में प्रोफेशनल कराटे लीग 2024 में कांस्य पदक। हरियाणा राज्य कूडो चैंपियनशिप 2025-26 में स्वर्ण पदक। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एसकेआरआई राष्ट्रीय शितो-रियू कराटे चैंपियनशिप कुमिते में स्वर्ण पदक। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एसकेआरआई राष्ट्रीय शितो-रियू कराटे चैंपियनशिप काता में कांस्य पदक।