लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार जगाधरी रेलवे स्टेशन के नाम के साथ यमुनानगर का नाम जुड़ने जा रहा है। रेलवे के आला अधिकारियों ने जगाधरी रेलवे स्टेशन के साथ यमुनानगर का नाम जोड़े जाने की मंजूरी दे दी है। मंगलवार को इस बारे में जगाधरी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक के पास लैटर पहुंच गया है। अब जल्द ही रेलवे स्टेशन पर जगाधरी के साथ यमुनानगर का नाम भी नजर आने लगेगा।
रेलवे स्टेशन पर यमुनानगर का नाम जोड़े जाने के लिए शहर के कई सामाजिक और व्यापारिक संगठन कई साल से मांग करते आ रहे थे। ‘अमर उजाला’ ने उनकी आवाज को कई बार प्रमुखता से उठाया है। 23 अगस्त को भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
दैनिक रेल यात्री संघ से जुड़े हरप्रीत सिंह, नरेश कुमार, उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र कुमार मित्तल, संजय मित्तल यमुनानगर कंफेशनरी एसोसिएशन के प्रधान सुशील कांबोज, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान बलदेव सेठ, व सदस्य प्रवीण वर्मा, पंजाबी सभा के विशाल भाटिया व अवतार सिंह चुघ, जनमंच संगठन के प्रधान राजेश सेठ व मैढ़ सुनार परिषद के राजेश वर्मा व राकेश वर्मा ने स्टेशन के नाम के साथ यमुनानगर का नाम जोड़ने की मंजूरी के लिए रेलवे के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने अमर उजाला को भी उनकी मांग को प्रमुखता से उठाने के लिए धन्यवाद दिया।
जगाधरी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक रामकुमार राणा ने बताया कि जगाधरी रेलवे स्टेशन के साथ यमुनानगर का नाम जोड़े जाने की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही स्टेशन पर यमुनानगर का नाम भी अंकित कर दिया जाएगा।