कस्बा रादौर के छिंबी मोहल्ला में स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को खराब गेहूं सप्लाई किए जाने पर बुधवार को ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने खराब गेहूं दिए जाने का कड़ा विरोध किया।
वार्ड नंबर पांच के पंच सुनील कुमार के नेतृत्व में बच्चों के अभिभावकों ने खराब गेहूं दिए जाने पर प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया। इसके बाद मामले की सूचना बाल विकास परियोजना अधिकारी ओमलता बग्गा को दी गई। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि खराब गेहूं सप्लाई किए जाने के मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड नंबर पांच के पंच सुनील कुमार, समाजसेवी संदीप सैनी, दिनेशमान आर्य, ओमप्रकाश ने बताया कि छिंबी मोहल्ला में प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र खोला गया है। बुधवार को बच्चों के अभिभावक आंगनबाड़ी केंद्र पर गेहूं और बेसन लेने के लिए गए थे।
इस दौरान बच्चों के अभिभावकों को खराब गेहूं सप्लाई की गई। वहीं सप्लाई किए गए बेसन में भी घटिया क्वालिटी का था। बेसन में गेहूं मिलाया गया है। जो खाने की हालत में नहीं था।
पंच सुनील कुमार ने बताया कि वह मामले को लेकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुुड्डा को एक शिकायत पत्र भेज रहे हैं। इसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की गई है।
उधर, इस बारे बाल विकास परियोजना अधिकारी ओमलत्ता बग्गा ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। इसकी जांच करवाई जा रही है।