संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से काफी सवारी ट्रेनें बिना रुके निकल जाती है। इन ट्रेनों के लिए अभी भी जिले के लोग अंबाला व सहारनपुर की दौड़ लगाने पर मजबूर हैं। ये देख ट्रेनों के ठहराव की मांग दैनिक रेल यात्री संघ व अन्य व्यापारिक सहित कई संगठन कर चुके हैं, पर हालात जस के तस हैं।
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 50 सवारी ट्रेनें हैं। जबकि एक दर्जन ट्रेनें ऐसी हैं, जो रेलवे स्टेशन पर बिना रुके निकल जाती हैं। ये ट्रेनें अभी भी अंबाला व सहारनपुर से पकड़ रहे हैं। यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से अमृतसर सियालदह जाने वाली अकाल तख्त सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जम्मू तवी वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस, चंडीगढ़ पटना जाने वाली पाटलिपुत्र एक्सप्रेस नहीं रुकती है।
इसी तरह अमृतसर सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस, जम्मू कानपुर एक्सप्रेस, जम्मू तवी आनंद विहार, जम्मू राजेंद्र नगर, जम्मू सोनपुर, अमृतसर डिब्रूगढ़, चंडीगढ़ डिब्रूगढ़, जम्मू तवी बरौनी मौर्य ध्वज एक्सप्रेस, जम्मू तवी पटना अर्चना एक्सप्रेस का भी ठहराव नहीं है। यह गाड़ियां पकड़ने के लिए यात्रियों को सहारनपुर व अंबाला जाना पड़ता है।
गुरमीत ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन को ए क्लास का दर्जा है, तब भी यहां कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव नहीं है। जिनके ठहराव की मांग वर्षों से चल रही है, जो पूरी नहीं हो पाई। हर चुनाव के दौरान यह मुद्दा उठता है, ऐसे ही इस मुद्दे पर चर्चा होने लगी है। क्योंकि इससे बड़ी आबादी प्रभावित है। जिन ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव नहीं है, उनके लिए अंबाला या सहारनपुर की दौड़ लगती है।
सीए विशाल भाटिया ने कहा कि यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से निकलने वाली कई नॉन स्टॉप ट्रेनों के लिए पहले अंबाला या सहारनपुर की ट्रेन लेनी पड़ती है फिर वहां ट्रेन बदलते हैं। ऐसे में अधिकांश बार ट्रेन छूटने का भय रहता है। साथ ही कई बार ट्रेन के लिए अंबाला या सहारनपुर काफी देर इंतजार करना पड़ता है। इस परेशानी को देखते हुए रेलवे को यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव देना चाहिए।
कांग्रेस नेता हार्दिक सखूजा ने कहा कि जिले में प्लाई, बर्तन व अन्य बड़े कारोबार हैं, जहां का माल ट्रेनों के जरिए भी देश के अलग-अलग राज्यों में जाता है। साथ ही जिले से काफी संख्या में लोग ट्रेनों में सफर करते हैं। इनकी सुविधा के लिए कांग्रेस सरकार बनने पर रेल सेवा में सुधार कराया जाएगा। मांग मुताबिक ट्रेनों को रेलवे स्टेशन पर ठहराव कराया जाएगा। साथ ही जो भी रेल यात्रियों की अन्य जरूरते हैं, उन्हें पूरा करने का काम किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी से विकास जैन ने कहा कि यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर सभी ट्रेनों का ठहराव होना चाहिए, क्योंकि इससे जिले से उद्योग व काफी संख्या में लोग जुड़े हैं। इसके बाद भी काफी संख्या में ट्रेने स्टेशन पर बिना रुके निकल जाती है। इन ट्रेनों के लिए लोगों को अंबाला या सहारनपुर जाना पड़ता है। आम आदमी पार्टी की सरकार में यह परेशानी दूर करने का काम होगा।