बीते सप्ताह लापता हुई लड़की के अंतरधर्म विवाह की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों ने हिंदू संगठनों के सदस्यों सहित सैकड़ों लोगों के साथ पुराना हमीदा में बाजार बंद करवा हमीदा चौकी पर जमकर हंगामा किया।
करीब आधे घंटे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (कुरुक्षेत्र-सहारनपुर) के खानचंद चौक पर जाम लगा दिया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और मौके पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा। इस दौरान थाना सदर यमुनानगर प्रभारी सचिन ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन जाम लगाकर खड़े लोग लड़की की बरामदगी और हमीदा चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े रहे।
इस बीच गुस्साए लोगों द्वारा जाम में फंसी उत्तराखंड रोडवेज की बस का शीशा भी तोड़ दिया गया।
तनाव की स्थिति को बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल सहित यातायात पुलिस प्रभारी नरेंद्र राणा और डीएसपी सुरेश कौशिक मौके पर पहुंचे और क्षेत्र के मौजिज लोगों के हस्तक्षेप से गुस्साए लोगों को शांत कर करीब एक घंटे के बाद जाम खुलवा दिया गया।
इसके बाद भी रात करीब साढ़े दस बजे तक हमीदा चौकी में हिंदू संगठनों के सदस्यों सहित परिजनों की पुलिस से बातचीत हुई।
सूत्रों की मानें तो परिजनों और पुलिस के बीच हुई बातचीत में कोई हल नहीं निकला। इस पर परिजनों ने बुधवार को एसपी शशांक आनंद से मिलने का फैसला किया है।
गौरतलब है कि पुराना हमीदा क्षेत्र की पीर वाली गली से गत तीन अगस्त को एक लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
काफी इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं लग पाया। परिजनों ने चार अगस्त को हमीदा चौकी में शिकायत दी और क्षेत्र के ही एक समुदाय के युवक पर लड़की को अगवा करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने लड़की की दादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था। सप्ताह बीतने के बाद भी जब पुलिस द्वारा लड़की का कोई सुराग नहीं लगाया जा सका, तो 11 अगस्त को परिजन हिंदू संगठनों सहित दर्जनों लोगों ने हमीदा चौकी में जमकर बवाल किया था और दो दिन में लड़की बरामद न किए जाने पर चौकी को आग के हवाले करने की धमकी दी थी। लेकिन मंगलवार को जैसे ही परिजनों को लड़की द्वारा अंतरधर्म करने की खबर लगी, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों ने हिंदू संगठनों के सदस्यों सहित सैकड़ों लोगों के साथ पुराना हमीदा क्षेत्र में रोष मार्च निकाल बाजार को बंद करवा दिया। बाद में हमीदा चाौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने बताया कि हमीदा पुलिस ने पता होने के बाद भी उनकी लड़की उन्हें नहीं सौंपी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा लड़की की बरामदगी के नाम पर लाखों रुपये मांगे गए थे।
इसके बाद गुस्साए लोग चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने और लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर एनएच-73 कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग पर पहुंच गए, जहां उन्होंने खानचंद चौक पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर आनन-फानन में पुलिस बल सहित थान सदर यमुनानगर प्रभारी सचिन मौके पर पहुंचे। उन्हाेंने हाईवे पर जाम लगाकर खड़े लोगों को समझाने को प्रयास किया।
युवाओं की टोलियों को संभालने में छूट पसीने
जाम के दौरान हाईवे को दोनों ओर से बाधित कर युवाओं की अलग-अलग टोलियां अलग-अलग जगहों पर डट गई। जाम के दौरान पहले हाईवे के बीच ट्रक खड़ा कर दिया गया, तो बाद में जाम में फंसी उत्तराखंड रोडवेज की बस का शीशा तोड़ दिया गया। कभी एक ओर से शोर, तो कभी दूसरी ओर से शोर, जिससे पुलिस के लिए उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। करीब पौने घंटे तक जारी इसी रहे क्रम के दौरान थाना सदर यमुनानगर प्रभारी सचिन सहित अन्य पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।
भारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे डीएसीपी
करीब पौने घंटे तक जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-73 कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर, हाईवे के बीच ट्रक खड़ा करने और बस से तोड़फोड़ की सूचना पाकर भारी पुलिस बल के साथ डीएसपी सुरेश कौशिक और थाना ट्रैफिक प्रभारी नरेंद्र राणा मौके पर पहुंचे। उनके और क्षेत्र के मौजिज लोगों के समझाने पर लोगों ने एक घंटे बाद जाम खोल दिया।