यमुनानगर शहरवासियों को साप्ताहिक अमृतसर-लालकुआं एसी एक्सप्रेस के रूप में एक और नई गाड़ी की सौगात मिली है। अमृतसर से लालकुआं के लिए रवाना हुई एक्सप्रेस ट्रेन का जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर उत्तर रेलवे रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति अंबाला मंडल और दैनिक यात्री संघ के सदस्याें ने स्वागत किया।
ट्रेन बुधवार को अमृतसर से लालकुआं जाएगी और वीरवार को लालकुआं से जगाधरी होती हुई अमृतसर जाएगी।
अमृतसर-लालकुआ एसी एक्सप्रैस 14606-14605 को शुभारंभ सुबह पांच बजकर पचपन मिनट पर अमृतसर से हुआ। अमृतसर से चलकर यह ट्रेन ब्यास, जालंधर, फगवाड़ा, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट से होती हुई दोपहर 12:39 बजे जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
ट्रेन के यहां पहुंचने पर उत्तर रेलवे रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति अंबाला मंडल के सदस्य राजेंद्र चिटकारा और दैनिक यात्री संघ के सदस्यों ने ट्रेन के इंजन और ट्रेन चालक ओमप्रकाश का फूल मालाएं पहना और नारियल फोड़कर स्वागत किया। सदस्यों ने ट्रेन चालक और इंजन में मौजूद अन्य कर्मचारियों और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को मिठाई बांटी। दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन 12:41 मिनट पर लालकुआं के लिए रवाना हुई।
उत्तर रेलवे रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति अंबाला मंडल के सदस्य राजेंद्र चिटकारा ने ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया। मौके पर राकेश शर्मा, टीपी सिंह, सतीश तेजली, अवतार चुघ, हरप्रीत सिंह, जितेंद्र शर्मा, लवली नंदा, वेद प्रकाश, नरेश कुमार, निलय सैनी, राधेश्याम, विशाल भाटिया, राजकुमार कांबोज, दर्शन लाल खेड़ा, आरपीएफ रेलवे थाना पुलिस प्रभारी राजेंद्र सिंह समेत आदि लोग उपस्थित रहे।
यह है शेड्यूल
अमृतसर से यह ट्रेन गाड़ी संख्या 14606 अमृतसर-लालकुआं एसी एक्सप्रेस बनकर बुधवार सुबह पांच बजकर पचपन मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, लुधियाना, न्यू मोरनी मोहाली से होते हुए सुबह के 10 बजकर 20 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचेगी।
यहां पर दस मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 11 बजकर 40 मिनट पर अंबाला और दोपहर के 12 बजकर 30 मिनट पर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। जगाधरी रेलवे स्टेशन पर दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन सहारनपुर, रुड़की, लक्सर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, काशीपुर से होती हुई रात आठ बजकर 50 मिनट पर लालकुंआ पर पहुंचेगी। लालकुआ से यह ट्रेन रात को सवा 11 बजे अमृतसर के लिए रवाना होगी।
विभिन्न स्टेशनों से होती हुई यह ट्रेन वीरवार सुबह छह बजकर 48 मिनट पर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसके बाद सात बजकर 55 मिनट पर अंबाला, सुबह नौ बजे चंडीगढ़, 11 बजकर 25 मिनट पर लुधियाना, सवा बारह बजे फगवाड़ा, एक बजकर 10 मिनट पर जालंधर और एक बजकर 56 मिनट पर ब्यास से होती हुई पौने तीन बजे अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
चंडीगढ़ तक का थर्ड एसी किराया 460 रुपये
लालकुआं-अमृतसर का जगाधरी से चंडीगढ़ तक का थर्ड एसी किराया 460 रुपये और चेयरकार किराया 245 रुपये है। वहीं, जगाधरी से अमृतसर तक का थर्ड एसी किराया 530 और चेयरकार किराया 425 रुपये है। इसके अलावा जगाधरी से लालकुआं तक थर्ड एसी किराया पांच सौ रुपये और चेयरकार का चार सौ रुपये किराया है। अमृतसर से लालकुआं तक का थर्ड एसी किराया साढे़ आठ सौ रुपये और चेयरकार किराया छह सौ रुपये है।
सामान्य डिब्बा नहीं होने से परेशानी
एसी एक्सप्रेस ट्रेन में 16 कोच हैं। सभी कोच एसी लेस हैं। ट्रेन में एक भी सामान्य डिब्बा नहीं है। सामान्य डिब्बा नहीं होने से कम दूरी तक यात्रा करने वाले और लोकल यात्रियों को ट्रेन का लाभ लेने के लिए अधिक खर्च करना पडे़गा।